45 किलो 415 ग्राम डोडा पोस्त बरामद, दो कार जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
राजस्थान समाचार प्लस | दीपांकुर चौहान
केकड़ी, 17 जून। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) अजमेर एवं पुलिस थाना केकड़ी सदर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 45 किलो 415 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो स्विफ्ट डिजायर कारें भी जब्त की हैं। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज राजेन्द्र सिंह (आईपीएस), जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला (आईपीएस) तथा पुलिस अधीक्षक ऊषा यादव (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील एवं वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी
डीएसटी के कांस्टेबल मुकेश टांडी और जितेन्द्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि दो स्विफ्ट डिजायर कारों में डोडा पोस्त भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर केकड़ी सदर थानाधिकारी जगदीश प्रसाद एवं डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में पुरानी कोटा रोड स्थित पावर हाउस के सामने नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान देवली की ओर से आ रही कार आरजे 06 सीएच 1106 को रोककर पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम कमल चौधरी निवासी अंराई बताया तथा स्वीकार किया कि वह पीछे आ रही दूसरी कार की एस्कॉर्टिंग कर रहा है, जिसमें डोडा पोस्त भरा हुआ है।
इसके बाद दूसरी कार यूपी 65 एफएल 6117 को रोका गया। कार रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। चालक ने अपना नाम हरिराम उर्फ डिप्टी निवासी गांव सील, थाना अंराई बताया।
कार की डिग्गी से मिला डोडा पोस्त
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर डिग्गी से 45 किलो 415 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार आरोपी गणेश जाट निवासी छोटा लाम्बा की तलाश जारी है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस थाना केकड़ी सदर में प्रकरण संख्या 119/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 8/29 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
गिरफ्तार आरोपी
- कमल चौधरी पुत्र रोडूराम जाट (25 वर्ष), निवासी सिरोंज रोड, अंराई।
- हरिराम उर्फ डिप्टी पुत्र किशनलाल जाट (30 वर्ष), निवासी गांव सील, थाना अंराई।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस अधीक्षक अजमेर ने आमजन से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने, जिला स्पेशल टीम अथवा पुलिस हेल्पलाइन 100 पर सूचना दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
