लक्ष्य 34.18 करोड़, अब तक 22.23 करोड़ वसूले; 15 मार्च के बाद टैक्स नहीं जमा करने पर लगेगी पेनल्टी
केकड़ी। परिवहन कार्यालय केकड़ी को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 34.18 करोड़ रुपए का वार्षिक राजस्व लक्ष्य दिया गया है। अब तक विभाग द्वारा 22.23 करोड़ रुपए का राजस्व संग्रहण किया जा चुका है, जबकि 11.95 करोड़ रुपए की वसूली अभी शेष है। लक्ष्य पूरा करने के लिए अब केवल 16 दिन का समय बचा है।
जिला परिवहन अधिकारी प्रमोद लोढ़ा ने बताया कि शेष राजस्व की वसूली के लिए विभाग द्वारा पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। परिवहन कार्यालय में पंजीकृत 1936 भारी वाहनों में से अब तक 537 वाहनों का अग्रिम कर जमा कराया जा चुका है, जबकि 1399 वाहनों से टैक्स आना बाकी है।
उन्होंने सभी भारी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का अग्रिम कर 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से जमा करा दें। इसके बाद बिना कर जमा कराए वाहनों पर नियमानुसार पेनल्टी लागू कर दी जाएगी।
परिवहन विभाग की ओर से उड़नदस्ते लगातार 24 घंटे सड़कों पर कार्रवाई कर रहे हैं। ओवरलोडिंग, बिना कर, बिना फिटनेस, बिना परमिट तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को लगातार जब्त किया जा रहा है।
जिला कलेक्टर द्वारा भी पूरे वित्तीय वर्ष के दौरान राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
