केकड़ी। फागन माह के आगमन के साथ ही खाटू श्याम के फाग उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। देशभर से पदयात्राएं बाबा के दरबार पहुंच रही हैं और चंग-धमाल व भजनों की गूंज वातावरण को भक्तिमय बना रही है।
केकड़ी स्थित पोकीनाडी बालाजी प्रांगण में जन-जन की आस्था के प्रतीक खाटू श्याम मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। फाग उत्सव की श्रृंखला में 27 फरवरी को सायं 7 बजे से मंदिर प्रांगण में विशाल चंग पर धमाल का आयोजन होगा। इस अवसर पर श्याम जगत के सुप्रसिद्ध गायक गौतम शर्मा दूनी एवं संजय अग्रवाल सहित अन्य कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। साथ ही फूलों की होली भी खेली जाएगी।
यह आयोजन श्री श्याम प्रेमी सेवा समिति एवं पोकी नाडी विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में होगा। समिति अध्यक्ष चंचल कुमार चौकड़ीवाल ने बताया कि बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा तथा मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। वहीं विकास समिति अध्यक्ष जसराज जाट ने बताया कि पावन ज्योत भी प्रज्वलित की जाएगी।
समितियों ने सभी श्याम भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर फाग उत्सव में भाग लेने का आह्वान किया है।
