केकड़ी।
राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय उपशाखा केकड़ी ने अजमेर में आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में केकड़ी व सावर क्षेत्र के शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाने की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी केकड़ी को जिला कलेक्टर अजमेर के नाम ज्ञापन सौंपा।

उपशाखा अध्यक्ष मोजेंद्र सिंह राव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर एवं राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षाओं में केकड़ी-सावर क्षेत्र से 100 से 120 किलोमीटर दूर अजमेर शहर में प्रधानाचार्यों व शिक्षकों को ऑब्जर्वर एवं वीक्षक के रूप में नियुक्त किया जाता है। इससे शिक्षकों को बिना पर्याप्त परिवहन सुविधा के सुबह जल्दी अजमेर पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि निजी वाहन से अजमेर आने-जाने में लगभग 2500 रुपये का खर्च आता है, जबकि परीक्षा ड्यूटी के बदले मात्र 250 से 300 रुपये का मानदेय दिया जाता है तथा कोई यात्रा भत्ता भी नहीं मिलता। संगठन ने मांग की कि यदि 15 किलोमीटर से अधिक दूरी पर ड्यूटी लगाई जाती है तो नियमानुसार यात्रा भत्ता एवं दैनिक भत्ता प्रदान किया जाए।
उपशाखा मंत्री संजय वैष्णव ने कहा कि केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के शिक्षकों की आर्थिक व मानसिक पीड़ा को ध्यान में रखते हुए उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की ड्यूटी से राहत दी जानी चाहिए।
इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेश शर्मा, पूर्व संभाग संगठन मंत्री सुरेश चौहान, सावर उपशाखा अध्यक्ष प्रहलाद कुमावत, केकड़ी सभाध्यक्ष कैलाश चंद जैन, उपसभाध्यक्ष भंवर सिंह राठौड़, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामबाबू सोनी, उपाध्यक्ष भागचंद लक्षकार, कोषाध्यक्ष महावीर मेघवंशी सहित बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
