केकड़ी । कस्बे के पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में चल रही 69 वीं 14 वर्ष राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले पांचवे दिन भी जारी रहे। मंगलवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में प्रिंस की अगुवाई में राजस्थान की छात्र टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र को हराकर फाइनल में जगह बना ली है।

सुबह से प्रारम्भ हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बालक वर्ग में महाराष्ट्र ने पंजाब को एक पारी 5 अंक, राजस्थान ने गुजरात को एक पारी 10 अंक, हरियाणा ने दिल्ली को 8 अंक और उड़ीसा ने कर्नाटक को 8 अंक से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसी प्रकार बालिका वर्ग में महाराष्ट्र ने उत्तरप्रदेश को एक पारी 4 अंक, राजस्थान ने दिल्ली को एक पारी 3 अंक, गुजरात ने हरियाणा को 2 अंक और पंजाब ने पश्चिम बंगाल को 5 अंक से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

इसके पश्चात पांचवे से आठवें स्थान के लिए हुए मुकाबलों में बालक वर्ग में पांचवा स्थान कर्नाटक, छठा गुजरात, सातवां पंजाब और आंठवा स्थान दिल्ली की टीम ने प्राप्त किया। इसी प्रकार बालिका वर्ग में दिल्ली ने पांचवा स्थान, पश्चिम बंगाल ने छठा, हरियाणा ने सातवां और उत्तरप्रदेश ने आठवां स्थान प्राप्त किया।
बालक वर्ग के सेमीफाइनल में राजस्थान टीम ने महाराष्ट्र को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खबर लिखे जाने तक शेष मुकाबले जारी रहे।

मंगलवार को हुए इन मैच में भाजपा जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापत, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष अर्जुन नलिया, नगर पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, एमएलडी शिक्षण संस्थान के निदेशक चंद्रप्रकाश दुबे, नगरपालिका केकड़ी के पार्षद मनोज कुमावत, यूसीईओ गोपाल रेगर, सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक बिरदीचन्द वैष्णव, भगवान सिंह गौड़, हरिप्रसाद दाधीच एवं राजेन्द्र शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति के सदस्य एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी कमलेश अहीर और शारीरिक शिक्षक अरविन्द अग्रवाल ने मंच से तकनीकी ज्ञान के साथ सभी मैचों का आंखों देखा हाल सुनाया।
आयोजन समिति के सदस्य एवं अन्तर्राष्ट्रीय निर्णायक सत्यनारायण जाट ने बताया कि 21 जनवरी बुधवार को समापन समारोह आयोजित होगा जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मौजूद रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अजमेर जगनारायण व्यास एवं जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा अजमेर उषा कच्छावा उपस्थित रहेगी।
