केकड़ी- राजस्थान समाचार प्लस
केकड़ी 12 जनवरी
कस्बे के अजमेर रोड स्थित बिजासन माता मंदिर के सामने स्थित केशव विद्यापीठ कॉलेज में सोमवार को महान चिंतक, युगप्रवर्तक और राष्ट्रनिर्माता स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर युवा दिवस श्रद्धा, गरिमा और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के विचारों, आदर्शों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता व्याख्याता संजय सैनी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके संघर्ष, शिकागो धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक संबोधन तथा युवाओं को दिए गए प्रेरणादायी संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संपूर्ण जीवन युवाओं के लिए मार्गदर्शक है और उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा दिखाते हैं।
संस्था के प्राचार्य मोनू शर्मा ने स्वामी विवेकानंद जयंती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को जागृत करने का अवसर है। स्वामी विवेकानंद के विचार—“उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत”—आज के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सोनू चौधरी, प्रहलाद कुमावत, आशीष लक्ष्कार, नरेंद्र कुमार, दिनेश कुमार जैन, विशाल सेन, सांवरलाल, महावीर प्रसाद सहित अनेक गणमान्यजन एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर सकारात्मक संदेश के साथ किया गया।
