स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा (हरियाणा) बना 11वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का विजेता


केकड़ी में चार दिवसीय हॉकी महाकुंभ का भव्य समापन, फाइनल में रतनदीप हॉकी क्लब फुलिया कला को 2-1 से हराया


केकड़ी। मेजर ध्यानचंद हॉकी क्लब केकड़ी के तत्वाधान में आयोजित 11वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का खिताब स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा (हरियाणा) ने अपने नाम किया। क्लब के मीडिया प्रभारी मोहम्मद जावेद ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत आज प्रातः प्रथम सेमीफाइनल मुकाबला स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा (हरियाणा) एवं ऑरेंज सिटी हैदराबाद के मध्य खेला गया, जिसमें बापोड़ा ने एकतरफा मुकाबले में 6-1 से शानदार जीत दर्ज की।

दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला रतनदीप हॉकी क्लब फुलिया कला एवं मुंबई पुलिस (महाराष्ट्र) के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक मुकाबले के बाद शूटआउट में रतनदीप हॉकी क्लब फुलिया कला ने 5-4 से विजय प्राप्त की।

फाइनल मुकाबला स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा (हरियाणा) एवं रतनदीप हॉकी क्लब फुलिया कला के मध्य खेला गया, जिसमें बापोड़ा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। केकड़ी की खेल प्रेमी जनता ने पूरे चार दिवस तक चले इस हॉकी महाकुंभ का भरपूर आनंद लिया और एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

प्रथम सेमीफाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा के खिलाड़ी जतीन तथा दूसरे सेमीफाइनल में रतनदीप हॉकी क्लब फुलिया कला के गोलकीपर सोहेल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। फाइनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार फुलिया कला के खिलाड़ी विजेंद्र सिंह राठौड़ को दिया गया, जो प्रतिवर्ष कमांडो चांद मोहम्मद की ओर से प्रदान किया जाता है। वहीं प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी स्पोर्ट्स क्लब बापोड़ा (हरियाणा) के ठाकुर अभिनव को चुना गया। यह पुरस्कार स्वर्गीय बनवारी लाल सेन एवं स्वर्गीय अभिषेक सेन की स्मृति में सत्यनारायण सेन एवं आत्माराम सेन द्वारा प्रतिवर्ष दिया जाता है।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि तहसीलदार केकड़ी बंटी राजपूत रहे तथा समारोह की अध्यक्षता सीबीईओ केकड़ी गोपीलाल कीर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भंवरलाल जगरवाल, सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक भूरालाल वर्मा, समाजसेवी उमराव सिंह, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अजमेर ममता धाकड़ एवं खेलकूद प्रकोष्ठ शारीरिक शिक्षा अजमेर के संतोष व्यास उपस्थित रहे।

भामाशाह अतिथि के रूप में समाजसेवी राजीव शाह एवं संजीव शाह द्वारा प्रथम रही टीम को 51 हजार रुपये की इनामी राशि स्वर्गीय महावीर शाह की स्मृति में प्रदान की गई। वहीं एमएलडी संस्थान केकड़ी के डायरेक्टर अनिरुद्ध दुबे द्वारा द्वितीय रही टीम को 31 हजार रुपये की इनामी राशि दी गई। सनातन धर्म शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्रधानाचार्य आजाद कुमार चौबे द्वारा समस्त मोमेंटो स्वर्गीय भंवरलाल पारीक जी की स्मृति में प्रदान किए गए।

इस अवसर पर टूर्नामेंट अंपायर राजेंद्र चौधरी (यमुनानगर), कर्मवीर (हिसार), सोनू राणा (हिसार), प्रीतम शबाना (सोनीपत), पवन कुमार (गंगानगर), सुधीर सेन (केकड़ी) एवं महावीर साहू (केकड़ी) का भी सम्मान किया गया। साथ ही संवाददाता मुकेश नायक का भी क्लब द्वारा सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन अरविंद अग्रवाल ने किया, जबकि मैचों की रोचक कमेंट्री सुरेंद्र सिंह सोढ़ी, महेंद्र पाल सिंह एवं विनय भाटी ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!