सावर पंचायत समिति क्षेत्र में हुआ सघन पौधारोपण ,एक दिन में 10 हज़ार से अधिक पौधे रोपे गए ,उपखंड अधिकारी श्रद्धा सिंह के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हरियालो राजस्थान अभियान और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से सावर उपखंड क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में एक दिवसीय सघन पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान उपखंड अधिकारी श्रद्धा सिंह के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

पंचायत समिति सावर के विकास अधिकारी श्री चिरंजीवी लाल ने बताया कि इस महाअभियान में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सामूहिक प्रयास से एक ही दिन में 10,000 से अधिक पौधे रोपे गए, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश गया।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में औसतन 500 पौधों का रोपण किया गया। लगाए गए पौधों में नीम, पीपल, बड़, जामुन, करंज जैसी औषधीय और छायादार प्रजातियों को शामिल किया गया, जिनका चयन स्थानीय जलवायु और पारिस्थितिकी को ध्यान में रखकर किया गया।

उपखंड अधिकारी श्रद्धा सिंह ने अभियान को संबोधित करते हुए कहा कि, “वृक्ष प्रकृति के सबसे बड़े संरक्षक हैं। हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए — वह भी अपनी माँ के नाम पर। इससे पौधारोपण केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि भावनात्मक और सामाजिक आंदोलन बनेगा।” उन्होंने पौधों की देखभाल और संरक्षण की महत्ता पर भी जोर दिया।

अभियान की सफलता में पंचायत समिति के कार्मिकों, शिक्षकों, ग्राम सेवकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संस्थाओं की अहम भूमिका रही। इस सामूहिक प्रयास से सावर क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मजबूत और प्रेरणादायक कदम उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!