केकड़ी। क्षेत्र में बजरी माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। परशुराम सर्किल के पास बजरी से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार युवक देवेंद्र मेघवंशी, पारा निवासी, को टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक ने तेज आवाज में टेप बजाते हुए वाहन को तेज गति से दौड़ा रखा था। टक्कर के कारण युवक कई फीट हवा में उछल गया और सिर में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को अजमेर रेफर किया गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर ट्रैक्टर को पकड़ लिया। पुलिस प्रशासन अब हरकत में आकर अवैध बजरी से भरे वाहनों की धरपकड़ में जुट गया है।
क्षेत्र में बजरी माफियाओं का आतंक बेलगाम होता जा रहा है। तेज रफ्तार से दौड़ते इन वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि अवैध बजरी खनन और ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार से लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
