राष्ट्रीय युवा दिवस पर राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा संदेश, ‘जीरो फेटेलिटी मंथ’ थीम पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

केकड़ी- राजस्थान समाचार प्लस

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में ‘जीरो फेटेलिटी मंथ’ थीम के तहत सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ किरोड़ी लाल मीना के निर्देशन में किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा।

कार्यक्रम में परिवहन विभाग से जिला परिवहन अधिकारी प्रमोद लोढ़ा, प्रोग्राम अधिकारी राजेंद्र माली एवं हर्षित पारिक उपस्थित रहे। डीटीओ प्रमोद लोढ़ा ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों—ओवरस्पीडिंग, लापरवाही एवं यातायात नियमों की अनदेखी—पर विस्तार से जानकारी देते हुए सुरक्षित वाहन संचालन के आवश्यक नियमों और सावधानियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

प्रोग्राम अधिकारी राजेंद्र माली ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज, बीमा, पीयूसी, चालान से संबंधित डिजिटल तकनीक, दस्तावेजों को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने के तरीके तथा गुड सेमेरिटन नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ किरोड़ी लाल मीना ने युवाओं से संयम, अनुशासन एवं सतर्कता के साथ वाहन चलाने की अपील करते हुए समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की व्यवस्था सड़क सुरक्षा क्लब के संयोजक शहज़ाद अली एवं सदस्य तनु बसवाल द्वारा की गई। आनंद पाराशर ने मंच संचालन किया, जबकि माया पारिक ने विशेष सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ शिखा माथुर, मनोज कुमार ढाका सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए सड़क सुरक्षा विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सड़क सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!