सेवानिवृत्ति पर अध्यापिका ने विद्यालय को दिए एक लाख रुपए

सेवानिवृत्ति पर अध्यापिका ने विद्यालय को दिए एक लाख रुपए

कालेड़ा कृष्ण गोपाल (केकड़ी )।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कालेड़ा कृष्ण गोपाल में सेवारत वरिष्ठ अध्यापिका कल्पना व्यास के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में विद्यालय प्रांगण में 30 जून को भावभीना समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कल्पना व्यास द्वारा विद्यालय विकास हेतु ₹1,00,000 का सहयोग प्रदान कर सभी को अभिभूत कर दिया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच प्रतिनिधि भगवत सिंह, एसडीएमसी अध्यक्ष शंकरलाल वर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य शशिमोली रूद्रदेव पाठक व पूर्व अध्यापक प्रकाशचंद शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के संस्था प्रधान सुमेर सिंह ने की। इस अवसर पर व्यास दंपत्ति के परिवारजन, स्थानीय गणमान्य नागरिक, विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सभी वक्ताओं ने कल्पना व्यास की सेवा-निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता की सराहना की। विद्यालय स्टाफ की ओर से उन्हें अभिनंदन पत्र प्रदान कर उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।

इस भावुक अवसर पर कल्पना व्यास व उनके पति महेश व्यास ने शाला विकास हेतु ₹1,00,000 का चेक प्रदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। संस्था प्रधान सहित समस्त विद्यालय परिवार व ग्रामवासियों ने इस योगदान के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रियंका कच्छावा, महावीर प्रसाद जैन, विश्वास उपाध्याय, अनीता माहुर, धर्मराज मीणा, हेमराज मेघवंशी, दुर्गा मीणा, विमल पारेख, निर्मला शर्मा, प्रियंका पारीक, दीपक कासोटिया, रामपाल कोली आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र प्रताप सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!