251 आसनों पर हुआ भव्य सुंदरकांड पाठ, हनुमान जन्मोत्सव पर बिखरी भक्ति की अनुपम छटा

श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री राम चरित मानस मंडल द्वारा शहर के देवगांव गेट स्थित गौशाला सत्संग भवन में एक ऐतिहासिक और दिव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस आयोजन के अंतर्गत 251 आसनों पर सामूहिक सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए मानस मंडल के सक्रिय कार्यकर्ता रोहित कुमार विजय (राजूदूध वाले) ने बताया कि शनिवार सायं 7:30 बजे से शुरू हुए इस पवित्र पाठ में पुरुष श्रद्धालु श्वेत पारंपरिक वेशभूषा में, तथा मातृशक्ति महिला मंडल लाल चूंदड़ी ओढ़े हुए दिव्यता बिखेरती हुई उपस्थित रहीं।

संपूर्ण वातावरण संगीतमय मधुर ध्वनि में गूंजता रहा और पाठ के दौरान श्री राम दरबार एवं वीर बजरंगबली की मनोहारी झांकी हर भक्त के मन को भावविभोर कर रही थी। मंडल के कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में अखंड जोत पूरे समय जलती रही, जो आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को और भी ऊंचा करती रही।

पाठ के दौरान श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई, जिससे समूचा परिसर एक अद्भुत भक्तिमय उत्सव स्थल में परिवर्तित हो गया। आयोजन को सफल बनाने में श्री राम चरित मानस मंडल के रोहित कुमार विजय, मनोज बाहेती, पुरुषोत्तम काबरा, अशोक विजय, मुरारी ऐरन,किशन गर्ग, दिनेश गर्ग (गर्ग पेपर इंडस्ट्रीज़) सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

इस आध्यात्मिक आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं भक्त बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ के सहभागी बने। यह आयोजन निश्चित ही क्षेत्रवासियों के लिए एक अविस्मरणीय धार्मिक अनुभूति बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!