केकड़ी जिला चिकित्सालय में पहली बार दूरबीन विधि से साइनस का सफल ऑपरेशन

केकड़ी। केकड़ी जिला चिकित्सालय में चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की गई है। यहां नाक, कान एवं गला (ईएनटी) रोग विशेषज्ञ डॉ. रामावतार साहू ने दूरबीन (एंडोस्कोपिक) तकनीक से पहली बार साइनस का सफल ऑपरेशन किया।

रेणु लोहार, निवासी देवलिया, बीते दो वर्षों से साइनस एवं नाक बंद होने की समस्या से पीड़ित थीं। करीब 15 दिन पहले उन्होंने अस्पताल में परामर्श लिया, जिसके बाद विशेषज्ञों ने एंडोस्कोपिक सर्जरी की सलाह दी। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मंगलवार को उनका सफल ऑपरेशन किया गया।

डॉ. साहू ने बताया कि एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी (ईएसएस) एक आधुनिक प्रक्रिया है, जिसमें बिना किसी बड़े चीरे के नाक के अंदर दूरबीन विधि से साइनस की समस्या का समाधान किया जाता है। यह न केवल कम दर्दनाक होती है बल्कि मरीज जल्दी स्वस्थ भी हो जाता है।

सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है, और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। केकड़ी जिला चिकित्सालय में इस तरह की तकनीकी रूप से उन्नत शल्य चिकित्सा पहली बार की गई है, जो क्षेत्र के मरीजों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!