द वायब्रेंट अकादमी में भव्य सम्मान समारोह, 70 से अधिक विद्यार्थी सम्मानित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक देकर किया सम्मानित, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
केकड़ी (दीपांकुर चौहान)। द वायब्रेंट अकादमी, मोलकिया-केकड़ी में विद्यार्थियों की प्रतिभा और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 70 से अधिक विद्यार्थियों को पदक एवं सम्मान प्रदान किए गए।

विद्यालय में आयोजित बाल मेला, रीजनिंग, निबंध लेखन, ग्रीटिंग कार्ड सजावट एवं दीपक निर्माण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं एड्यूलाइन पब्लिकेशन की चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एड्यूलाइन पब्लिकेशन के हरीश व्यास एवं लायंस क्लब केकड़ी के प्रशासक लायन दिनेश गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय निदेशक रितिक मेवाड़ा एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. महेन्द्र सिंह डूडी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। निदेशक रितिक मेवाड़ा ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल, कला एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षक कुमार अनिल ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन शिक्षिका साक्षी ने किया। समारोह ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास का संचार किया।