राज्य

टांकावास में एक्सीडेंट का रूप देकर की गई हत्या का पर्दाफाश पत्थर से छाती और चेहरे पर 15–20 वार कर राकेश रेगर की हत्या, मुख्य आरोपी अजय रेगर गिरफ्तार; एक बाल अपचारी निरुद्ध

Admin Desk
20 नव 2026, 06:15 अपराह्न
Rajasthan Samachar Plus
खबर का फ़ोटो

सावर। टांकावास में सड़क हादसे का रूप देकर की गई हत्या की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में अजय कुमार रेगर (20) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर की रात राकेश रेगर को शराब पिलाने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जाया गया। वहां विवाद के बाद आरोपी ने राकेश को मोटरसाइकिल सहित नीचे गिराकर उसके सीने और चेहरे पर पत्थर से करीब 15–20 गंभीर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपियों ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया और शव को मौके पर छोड़कर वहां से चले गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दीपावली से पहले मृतक राकेश रेगर और आरोपी के पिता के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए आरोपी ने बाल अपचारी को साथ लेकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र व तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है, जबकि बाल अपचारी को बाल न्यायालय अजमेर में पेश कर बाल सम्प्रेषण गृह भेजा गया।

पुलिस थाना सावर की टीम मामले में आगे की जांच कर रही है।

यह खबर शेयर करें: