समुद्र की 95 फीट गहराई में लहराया जीनगर समाज का परचम, दिनेश जीनगर ने बढ़ाया समाज का गौरव
सांचौर(श्याम सिंह )। जीनगर समाज के लिए गर्व और हर्ष का विषय है कि सांचौर निवासी दिनेश जीनगर पुत्र भाना राम जीनगर ने मिस्र (Egypt) के प्रसिद्ध लाल सागर (Red Sea) में समुद्र की लगभग 95 फीट गहराई में उतरकर जीनगर समाज का परचम लहराया है।
वर्तमान में दुबई में डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में कार्यरत दिनेश जीनगर एक प्रोफेशनल सर्टिफाइड स्कूबा डाइवर भी हैं। उन्होंने समुद्र की गहराइयों में उतरकर अपने साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और रोमांच के प्रति जुनून का शानदार परिचय दिया है। उनकी यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाती है।
विदेश की धरती पर मिस्र के लाल सागर की लगभग 95 फीट गहराई में जीनगर समाज का गौरव बढ़ाना पूरे समाज के लिए गर्व और सम्मान की बात है। दिनेश जीनगर की इस उपलब्धि से समाज के युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि मन में दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और कुछ कर गुजरने का जुनून हो तो दुनिया की कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। दिनेश जीनगर की इस उपलब्धि पर समाजबंधुओं एवं शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।