ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने शाहपुरा से आरोपी को दबोचा, चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद
केकड़ी(दीपांकुर चौहान )। पुलिस थाना केकड़ी सदर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर मामले का खुलासा किया।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील तथा वृत्ताधिकारी केकड़ी मनोज गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश गोरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
यह था मामला:
5 अक्टूबर 2026 को कादेड़ा निवासी लेखराज पुत्र हीरालाल जाति कीर ने पुलिस थाना केकड़ी सदर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी के अनुसार उसने अपने घर के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की थी, जो सुबह मौके पर नहीं मिली। आसपास, रिश्तेदारी तथा गांव में तलाश करने के बाद भी ट्रैक्टर-ट्रॉली का पता नहीं चला। इस पर पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली:
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटना से जुड़े सुराग जुटाते हुए भीलवाड़ा, बूंदी, टोंक, जयपुर, दौसा और भरतपुर सहित विभिन्न स्थानों पर 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की तथा मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे शाहपुरा, जिला भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी:
नरेश पुत्र स्व. रामेश्वर, जाति रेगर, उम्र 36 वर्ष, निवासी दरिबा, थाना पुर, जिला भीलवाड़ा, हाल निवासी 100 फीट रोड, बालाजी विहार कॉलोनी, थाना गांधी नगर, जिला भीलवाड़ा।
पुलिस टीम में शामिल:
थानाधिकारी मुकेश गोरा, पुलिस निरीक्षक; सहायक उपनिरीक्षक भंवरलाल (विशेष भूमिका); कांस्टेबल रमेशचंद 2455 तथा कांस्टेबल जीतराम 2426 शामिल रहे।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर चोरी की वारदात के संबंध में आगे अनुसंधान किया जा रहा है।