राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में आयुर्प्रवेशिका–आयुर्विद्या समारंभ आयोजित एडीएम चन्द्रशेखर भंडारी ने किया शुभारंभ, नवप्रवेशित बीएएमएस विद्यार्थियों का हुआ स्वागत प्राकृतिक चिकित्सा दिवस पर विद्यार्थियों ने दी योग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
केकड़ी(दीपांकुर चौहान )। राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय, केकड़ी में बुधवार को नवप्रवेशित बीएएमएस विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके शैक्षणिक जीवन की शुरुआत के उपलक्ष्य में आयुर्प्रवेशिका–आयुर्विद्या समारंभ तथा प्राकृतिक चिकित्सा दिवस समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर चन्द्रशेखर भंडारी ने भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
तिलक लगाकर एवं दुशाला ओढ़ाकर किया स्वागत
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजकीय जिला चिकित्सालय केकड़ी के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन जांगिड़ उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं दुशाला ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि आयुर्प्रवेशिका भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (NCISM) द्वारा बीएएमएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित 15 दिवसीय प्रारंभिक एवं संक्रमणकालीन पाठ्यक्रम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा, महाविद्यालयीन वातावरण एवं व्यावसायिक दायित्वों से परिचित कराया जाता है।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर
मुख्य अतिथि चन्द्रशेखर भंडारी ने कहा कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों तथा स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक दिनचर्या में अपनाना भारतीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को एकाग्रता, समर्पण एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा का अध्ययन करने तथा इन सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. नवीन जांगिड़ ने संतुलित एवं प्राकृतिक आहार-विहार तथा नियमित दिनचर्या को अपनाकर अनेक संभावित रोगों से बचाव करने की बात कही। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता का प्रसार करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू ने आयुर्वेद के व्यापक सिद्धांतों एवं चिकित्सा दर्शन की जानकारी देते हुए कहा कि आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के आधार पर आयुर्वेद के सिद्धांतों का अध्ययन, विश्लेषण एवं तार्किक समझ विकसित करने से विद्यार्थियों की विषय में रुचि बढ़ेगी। उन्होंने प्राचीन ज्ञान परंपरा एवं आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय से उत्कृष्ट चिकित्सक बनने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि डॉ. लोकेश कुमार धाकड़ एवं डॉ. धर्मचंद नापीत ने भी आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पर प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए। अंत में प्राचार्य ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

ग्रीन हेल्दी डाइट एवं बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिताएं आयोजित
प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर बीएनवाईएस (BNYS) विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में ग्रीन हेल्दी डाइट प्रतियोगिता, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट गतिविधि, भारतीय संस्कृति एवं प्राकृतिक चिकित्सा की थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियां तथा म्यूजिकल योग डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्राकृतिक आहार, पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली एवं योग के महत्व को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन आदित्य एवं भूमिका ने किया। ग्रीन हेल्दी डाइट प्रतियोगिता में कोमल एवं कविता ने सहभागिता की। बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट गतिविधि में तनिषा, वंशिका, खुशी एवं दीक्षा ने रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। वहीं योग एवं म्यूजिकल योग प्रदर्शन में महक, कंचन, गरिमा, जया, निहारिका, कंचन यादव, प्रिया, शुभम, मनोज एवं नवीन ने भाग लिया।
महाविद्यालय की सुविधाओं का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर चन्द्रशेखर भंडारी ने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा महाविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी ली। समारोह में आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के समन्वित स्वरूप, भारतीय ज्ञान परंपरा एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।