मेवदाखुर्द में भीषण आग का तांडव: शॉर्ट सर्किट से लगी आग में कई ग्रामीणों का चारा व सामान जलकर राख, देर रात 10 बजे पाया काबू
केकड़ी (मेवदाखुर्द)| ग्राम मेनदाखुर्द में आज दिनांक 17 नवंबर 2026 को देवनारायण जी के मंदिर के समीप शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लगने की घटना सामने आई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे गांव के कई ग्रामीणों का चारा एवं अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आगजनी की इस घटना में महेन्द्र प्रताप, हरि सिंह, राजेश्वरी कंवर, श्रीराम गुर्जर, नारायण, भूला, जोगवर सोनी, लाइराम, गोपाल, गोकल, मेवा गुर्जर, सीमा, अर्जुन गुर्जर, बद्री, हीरा मीणा, धन्ना, घरा मीणा, भजनारायण सिंह एवं किशन सिंह सहित कई ग्रामीण प्रभावित हुए। आग की चपेट में आने से करीब 200 ट्रॉली सहित बड़ी मात्रा में चारा एवं अन्य सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगरपालिका केकड़ी एवं नगरपालिका सरवाड़ की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं स्थानीय स्तर पर सात अलग-अलग पानी के टैंकरों की सहायता से ग्रामीणों एवं प्रशासन ने आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की। काफी प्रयासों के बाद रात करीब 10 बजे आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस प्रशासन का भी सहयोग रहा।
घटना के बाद मौके पर प्रशासन की ओर से मौका पर्चा तैयार किया गया तथा उपस्थित ग्रामीणों को पढ़कर सुनाने के बाद उनके हस्ताक्षर करवाए गए।
इस आगजनी की घटना से प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आगजनी में हुए नुकसान का उचित आकलन करवाकर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है।