राज्य

रात में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता से पुलिस ने किया वारदात का खुलासा, सोने-चांदी के जेवरात बरामद

Admin Desk
17 नव 2026, 04:22 अपराह्न
Rajasthan Samachar Plus
खबर का फ़ोटो

केकड़ी(दीपांकुर चौहान )। पुलिस थाना केकड़ी शहर ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए रात के समय सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला (आईपीएस) के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील एवं वृताधिकारी केकड़ी मनोज गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत थानाधिकारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुकदमा नंबर 294/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिन्स वैष्णव को गिरफ्तार किया।

सामाजिक कार्यक्रम में गया था परिवार, पीछे से मकान में चोरी

29 अगस्त 2026 को भगवान सिंह निवासी अच्छन कंवर कॉलोनी, केकड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त को वह अपने परिवार के साथ सामाजिक कार्यक्रम में पैतृक गांव देवगांव गया था। अगले दिन वापस लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और घर का सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी गायब मिली। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध की पहचान

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा वहां आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की। तकनीकी साधनों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रिन्स वैष्णव पुत्र कैदार वैष्णव, उम्र 20 वर्ष, निवासी पटेल मैदान, केकड़ी, हाल आरके कॉलोनी, ब्यावर रोड, केकड़ी को दस्तयाब किया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

चोरी किए सोने-चांदी के जेवरात बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पांच चांदी के सिक्के, दो सोने के लौंग तथा एक सोने की रखड़ी बरामद की गई है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई टीम में थानाधिकारी जगदीश प्रसाद, सहायक उपनिरीक्षक नारायणराम, कांस्टेबल पुखराज नंबर 2761 एवं कांस्टेबल दिनेश नंबर 2767 शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल पुखराज एवं दिनेश का विशेष योगदान रहा।

यह खबर शेयर करें: